Mainpuri News : शादी के 18 दिन बाद गहने समेटकर प्रेमी संग फुर्र हुई दुल्हन
Mainpuri News : शादी के 18 दिन बाद गहने समेटकर प्रेमी संग फुर्र हुई दुल्हन
मैनपुरी (अजय किशोर) उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में वैवाहिक रिश्तों को तार-तार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक नवविवाहिता शादी के मात्र 18 दिन बाद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना भोगांव थाना क्षेत्र के ग्राम कुलीपुर की है, जहाँ के निवासी जितेंद्र कुमार की शादी बीते 21 अप्रैल को कन्नौज की रहने वाली अचला के साथ हुई थी। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें सोने की चेन, अंगूठी और उसकी बहन के आभूषण भी शामिल थे, लेकर रफूचक्कर हो गई है।
जितेंद्र के अनुसार, उसकी पत्नी का गांव के ही अरुण कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वे लगातार संपर्क में थे। आरोप है कि 8 मई की रात अचला अपने प्रेमी के साथ निकल गई, जिसमें अरुण के परिजनों और दोस्तों ने भी साथ दिया। पीड़ित का दावा है कि उसे मोबाइल पर उसकी पत्नी और अरुण की आपत्तिजनक तस्वीरें भी भेजी गई हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा मामले में उचित कार्रवाई न किए जाने और केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहने से क्षुब्ध होकर, अब पीड़ित पति ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का दरवाजा खटखटाया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।