महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के बयान से गरमाई सियासत

May 09, 2026 - 20:02
0 4
महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के बयान से गरमाई सियासत

block-350 block-350

महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के बयान से गरमाई सियासत

फर्रुखाबाद। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार को फर्रुखाबाद शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर प्रतिमा का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही और पूरा क्षेत्र "महाराणा प्रताप अमर रहें" के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इतिहास में हमेशा दो तरह के लोग रहे हैं—एक राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाले और दूसरे राष्ट्रविरोधी सोच रखने वाले। उन्होंने कहा कि देश को आक्रांताओं की मानसिकता को पहचानने की जरूरत है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक कुछ सरकारों ने धर्मनिरपेक्षता के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति की, जिससे राष्ट्रनायकों को उचित सम्मान नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान मंत्री ने जिले में करीब 29 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं के शुभारंभ की घोषणा भी की। घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर उनका स्वागत किया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। रोडवेज परिसर में प्रतिमा लगाने के लिए एनओसी की जरूरत थी, जिसे पर्यटन मंत्री के प्रयासों से प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी मिली और आज यह सपना साकार हो सका। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संघर्ष, त्याग और स्वाभिमान की मिसाल है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। वहीं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा जिले में कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं और यह प्रतिमा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। युवा बाइक और ट्रैक्टरों पर देशभक्ति गीत बजाते हुए कार्यक्रम में पहुंचे। प्रतिमा के पास तलवार के साथ फोटो और सेल्फी लेने का युवाओं में खास उत्साह देखा गया। हालांकि कार्यक्रम के समापन के बाद भोजन वितरण के दौरान कुछ अव्यवस्था भी देखने को मिली। खाने के पैकेट लेने के लिए भीड़ वाहन तक पहुंच गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और कई पैकेट जमीन पर गिर गए। महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User