स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं - जिलाधिकारी

May 7, 2026 - 21:49
 0  2
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं -  जिलाधिकारी
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं - जिलाधिकारी

एटा । जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने एवं आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा निरंतर भ्रमणशील रहकर स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दोपहर विकासखंड शीतलपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागवाला का जिलाधिकारी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था, भर्ती मरीजों, टीकाकरण अभियान, साफ-सफाई एवं ऑक्सीजन प्लांट सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया।

निरीक्षण में एमओआईसी डॉ. नीतू अनुपस्थित पाई गईं, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम हेतु शासन द्वारा संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए पाया कि अब तक मात्र पांच बालिकाओं को ही वैक्सीन लगाई गई है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी प्रकट करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने एवं अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में लगभग 120 मरीजों का उपचार किया गया तथा सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जानकारी प्राप्त की कि स्वास्थ्य केंद्र में दो गर्भवती महिलाओं को प्रस्वोपरांत भर्ती कर उपचार प्रदान किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने भर्ती महिलाओं के उपचार एवं देखभाल की जानकारी लेते हुए समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मदर न्यू बोर्न केयर यूनिट, लैब टेक्नीशियन, नेत्र परीक्षण केंद्र, टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की दवा वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि चीफ फार्मासिस्ट द्वारा दवा वितरण से संबंधित अभिलेखों का समुचित अंकन नहीं किया जा रहा है। इस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोविड काल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया तथा उसे क्रियाशील अवस्था में पाया।

उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को ऑक्सीजन प्लांट की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उसका समय-समय पर उपयोग किए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने हेतु अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की आवश्यकता पर संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान डॉ.अभिनव एवं चीफ फार्मासिस्ट विपिन मसीह सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।