शासन द्वारा नामित टास्क फोर्स अधिकारी द्वारा जनपद एटा में फील्ड भ्रमण एवं उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण

May 02, 2026 - 19:53
0 36
शासन द्वारा नामित टास्क फोर्स अधिकारी द्वारा जनपद एटा में फील्ड भ्रमण एवं उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण

कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के अनुसरण और स्थलीय निरीक्षण हेतु शासन द्वारा नामित टास्क फोर्स अधिकारी द्वारा जनपद एटा में फील्ड भ्रमण एवं उर्वरक केंद्रों का निरीक्षण

एटा । आज जनपद एटा में टास्क फोर्स अधिकारी ए.के. सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक ब्यूरो द्वारा खरीफ अभियान के अंतर्गत कृषक भ्रमण एवं कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद स्थापित कर मक्का, मूंगफली एवं मूंग की फसलों की स्थिति का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सर्वप्रथम ग्राम कुसाड़ी में किसानों से मक्का की खेती के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। किसानों द्वारा बताया गया कि क्षेत्र में मक्का की फसल की स्थिति संतोषजनक है। इसके उपरांत ग्राम पावास में किसान भंवर सिंह एवं मान सिंह के खेतों का निरीक्षण कर मक्का एवं मूंगफली की फसलों का अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर पंप का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। भ्रमण के क्रम में इफको कृषि सेवा केंद्र, नवीन मंडी समिति परिसर तथा शिकोहाबाद रोड स्थित उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि उर्वरक वितरण के समय किसानों की फार्मर आईडी,किसान की भूमि की खतौनी, आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर का विवरण बिक्री पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए तथा आधार प्रमाणीकरण के उपरांत ही उर्वरक वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके पश्चात विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न कृषि विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के उपरांत श्री सिंह द्वारा खरीफ सीजन को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। भ्रमण के दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह,सुमित कुमार,उप कृषि निदेशक एटा, अपर जिला कृषि अधिकारी श्री अमित चौरसिया ,सहायक विकास अधिकारी श्री बलवीर सिंह तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User