जिला स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु डीएम ने दिए कड़े निर्देश

May 01, 2026 - 21:16
0 3
जिला स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु डीएम ने दिए कड़े निर्देश

block-350 block-350

जिला स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु डीएम ने दिए कड़े निर्देश

जननी सुरक्षा, टीकाकरण, आशा भुगतान एवं एम्बुलेंस सेवाओं की गहन समीक्षा 

एटा । जिलाधिकारी अरविंद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में विभाग की कार्यवाही की समीक्षा के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संस्थागत प्रसव, प्रसूताओं के भुगतान, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम, और एम्बुलेंस सेवाओं की प्रगति पर चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना के तहत प्रसूताओं के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न होने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रसूताओं का डेटा समय से आशा डायरी में अंकित कर ऑनलाइन फीड करें, ताकि योजनाओं में किसी प्रकार की अड़चन न आए।

टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को समय से टीके लगाए जाएं और टीकाकरण के बारे में प्रचलित भ्रांतियों को जन जागरूकता के माध्यम से दूर किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि VHND (विशेष स्वास्थ्य जांच दिवस) पर बच्चों और गर्भवती महिलाओं की समुचित जांच सुनिश्चित की जाए और आवश्यक चिकित्सा उपकरण एएनएम और आशाओं के पास हमेशा उपलब्ध रहें। एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने वित्तीय प्रस्तावों को समय से उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया, ताकि बैठक से पूर्व सभी जानकारी संबंधित अधिकारियों के पास हो। परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने महिला और पुरुष नसबंदी के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने की सलाह दी।

इसके अलावा, उन्होंने आयुष्मान कार्ड धारकों को सूचीबद्ध अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण उपचार की सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. बलबीर सिंह, बीएसए दिनेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत प्रजापति, डीपीआरओ राजकुमार मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User