ट्रक चालकों की हड़ताल से कायमगंज में गहराया गैस संकट, घंटों कतारों में खड़े रहे उपभोक्ता

Apr 16, 2026 - 20:57
0 5
ट्रक चालकों की हड़ताल से कायमगंज में गहराया गैस संकट, घंटों कतारों में खड़े रहे उपभोक्ता

block-350 block-350

ट्रक चालकों की हड़ताल से कायमगंज में गहराया गैस संकट, घंटों कतारों में खड़े रहे उपभोक्ता

कायमगंज (फर्रुखाबाद)। ट्रक चालकों की हड़ताल का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। क्षेत्र में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की कमी और वितरण में देरी के चलते सैकड़ों लोग सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आए। एचपी गैस एजेंसी पर हालात सबसे खराब रहे। सैकड़ों उपभोक्ता सुबह से ही सिलेंडर के इंतजार में लाइन में लगे रहे, लेकिन गैस की गाड़ी न पहुंचने के कारण उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। इंतजार के बाद भी सप्लाई न मिलने से लोगों में नाराजगी देखी गई। इंडेन गैस एजेंसी पर भी सुबह से भीड़ रही। हालांकि, दोपहर करीब दो बजे गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद वितरण शुरू हुआ, जिससे उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली।

लंबा इंतजार करने के बाद लोगों ने सिलेंडर प्राप्त किए। ध्वनि गैस एजेंसी (इंडेन) के संचालक राजेश मिश्रा ने बताया कि मोहम्मदाबाद प्लांट पर ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण सप्लाई बाधित हुई है। वहीं एचपी गैस एजेंसी के संचालक हर्षित गंगवार ने कहा कि उन्हें पीछे से कोई नई सप्लाई नहीं मिली, जिससे वितरण प्रभावित हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि गाड़ी न आने की पूर्व सूचना न होने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ी। परेशान उपभोक्ताओं ने बताया कि वे अपना काम-काज और दिहाड़ी छोड़कर घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन अंत में गैस न मिलने से घर लौटना पड़ता है। इससे उनके घरों में चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारु किया जाए, ताकि आम जनता को इस समस्या से राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User