विवादित भूमि पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापना से तनाव, प्रशासन ने लागू किया यथास्थिति आदेश

Apr 16, 2026 - 20:56
0 12
विवादित भूमि पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापना से तनाव, प्रशासन ने लागू किया यथास्थिति आदेश

विवादित भूमि पर अंबेडकर प्रतिमा स्थापना से तनाव, प्रशासन ने लागू किया यथास्थिति आदेश

फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज तहसील क्षेत्र के हजरतपुर गांव में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब करीब दो बीघा विवादित जमीन पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। प्रतिमा स्थापना को लेकर दूसरे पक्ष ने कड़ी आपत्ति जताते हुए भूमि को सरकारी बताया, जिसके बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चूंकि प्रतिमा स्थापना के लिए कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए पुलिस ने एहतियातन प्रतिमा को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से नाराज एक पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे और प्रतिमा को उसी स्थान पर पुनः स्थापित करने की मांग की।

इसके बाद ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल तहसील मुख्यालय पहुंचा, जहां नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन गांव में मुस्तैद है। प्रभारी निरीक्षक एमएम चतुर्वेदी, शमसाबाद पुलिस और कंपिल थाना पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं। नायब तहसीलदार हर्षित सिंह और अनवर हुसैन ने दोनों पक्षों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पहले पक्ष का कहना है कि यह भूमि ‘अंबेडकर पार्क’ के लिए आवंटित है, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि जमीन सरकारी है और खाद के गड्ढों के लिए सुरक्षित रखी गई है।

प्रशासन ने फिलहाल विवादित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ग्राम प्रधान को मनरेगा के तहत जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। नायब तहसीलदार हर्षित सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और न्यायालय के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User