LPG Gas : गैस सिलेंडर बुकिंग के नियम में बदलाव, अब 25 दिन बाद ही कर सकेंगे अगली बुकिंग
गैस सिलेंडर बुकिंग के नियम में बदलाव, अब 25 दिन बाद ही कर सकेंगे अगली बुकिंग
फर्रुखाबाद। घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ा बदलाव करते हुए भारत सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की रीफिल बुकिंग के नियमों में संशोधन कर दिया है। अब उपभोक्ता एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर 21 दिन के बजाय 25 दिन बाद ही बुक कर सकेंगे। सरकार के अनुसार हाल के समय में कुछ लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर घरों में स्टॉक जमा कर रहे थे, जिससे कई उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल पा रही थी। इसी समस्या को रोकने के लिए बुकिंग के बीच वेटिंग पीरियड बढ़ाने का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में बनी अनिश्चितता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि घरेलू एलपीजी की सप्लाई सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से पहुंच सके।
सरकार का कहना है कि 25 दिन का अंतराल रखने से अनावश्यक बुकिंग और जमाखोरी पर रोक लगेगी। इससे जिन परिवारों को वास्तव में गैस की जरूरत है, उन्हें समय पर सिलेंडर मिल सकेगा। इस फैसले के बाद देशभर के करोड़ों एलपीजी उपभोक्ताओं को अब गैस सिलेंडर बुक करते समय नए नियम का ध्यान रखना होगा।
