अमृतपुर की मुख्य सड़क बदहाल जिला पंचायत सदस्य ने बनवाने को की मांग
अमृतपुर की मुख्य सड़क बदहाल जिला पंचायत सदस्य ने बनवाने को की मांग
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। कस्बा अमृतपुर की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ होने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। नाली का गंदा पानी सड़क पर फैला रहने के कारण मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मुख्य मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोग, जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं, जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं। गंदे पानी और फिसलन भरी सड़क के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह सड़क मंडी समिति क्षेत्र में होने के कारण इसके निर्माण और मरम्मत का कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। सड़क की दुर्दशा के चलते लोगों को बाजार की संकरी गलियों से होकर आवागमन करना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में अधिक भीड़भाड़ के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में सड़क हादसे में गांव के दो किशोरों की मौत हो जाने से कस्बे में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण कराया गया होता तो इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सकता था। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए इस सड़क को मंडी समिति से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में स्थानांतरित कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।