रिटायर्ड फौजी ने 2 एकड़ जमीन के लिए मां भाई और उसकी पत्नी सहित 3 बच्चों को मार डाला

रिटायर्ड फौजी ने 2 एकड़ जमीन के लिए मां भाई और उसकी पत्नी सहित 3 बच्चों को मार डाला

Jul 23, 2024 - 14:53
0 724
रिटायर्ड फौजी ने 2 एकड़ जमीन के लिए मां भाई और उसकी पत्नी सहित 3 बच्चों को मार डाला

block-350 block-350

हरियाणा के अंबाला में दो एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद में सेना से सेवानिवृत्त नायक ने पत्नी और रिश्तेदारों संग मिलकर छोटे भाई और उसकी पत्नी समेत तीन बच्चों की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी।

 इस दौरान बीच बचाव करने आई मां को भी मौत के घाट उतार दिया। परिजनों की हत्या के बाद आरोपियों ने उनके शवों को जलाने का भी प्रयास किया। पिता ने मौके से भागकर जान बचाई। साथ ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनाक्रम के अनुसार नारायणगढ़-रायपुरानी सीमा स्थित रतौर गांव में सेना में नायक पद से रिटायर्ड और वर्तमान एनिमल अटेंडेंट भूषण-42 और उसके छोटे भाई हरीश-35 का परिवार रहता था।

एक ही घर में दोनों भाइयों ने बंटवारा कर रखा था। दोनों भाइयों के बीच करीब दो साल से दो एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पहले भी कई बार दोनों भाइयों के बीच मारपीट हो चुकी थी। पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप है कि बड़े भाई भूषण ने पत्नी और ससुरालवालों संग मिलकर छोटे भाई के परिवार को खत्म करने की योजना बनाई। इसके तहत रविवार की रात करीब 10 बजे तेजधार हथियारों से लैस होकर आरोपियों ने छोटे भाई और उसके परिवारवालों पर घर के भीतर ही हमला बोल दिया।

इसमें छोटे भाई हरीश-35 उसकी पत्नी सोनिया-32, बेटी यशिका-05 और छह माह के बेटे मयंक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बीच बचाव करने आई मां सरोपी-65 की भी जान चली गई। जबकि आठ वर्षीय बेटी परी गंभीर रूप से जख्मी होकर वहीं निडाल हो गई। इस दौरान पिता ओमप्रकाश ने जख्मी हालत में घर से भागकर अपनी जान बचाई। साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से जख्मी बच्ची परी और ओमप्रकाश को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान परी ने भी दम तोड़ दिया। छह हत्याओं से न सिर्फ आसपास के ग्रामीण बल्कि पुलिस-प्रशासन के भी होश उड़ गए।

पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी बड़े भाई भूषण को काबू कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में नारायणगढ़ थाना पुलिस ने घायल पिता ओम प्रकाश के बयान पर बड़े बेटे भूषण, उसकी पत्नी पूनम, बेटे मक्खन, प्रिंस, दो साले टोनी, जोनी तथा साली बॉबी पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। अधजले शव को पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल परिवार के छह लोगों की हत्या के बाद आरोपियों ने सुबूत मिटाने के लिए शटरिंग की बल्लियों पर शवों को रखकर उस पर डीजल छिड़ककर आग लगा दी।

 तभी घायल पिता ने पड़ोसी मित्र की मदद से आग को बुझाया। तभी उन्होंने देखा कि उनकी घायल पोती परी पानी की हौद में छिपकर रो रही थी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजले शवों को अस्पताल के शव गृह पहुंचाया। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए पिता ओमप्रकाश और बच्ची परी को नारायणगढ़ अस्पताल दाखिल कराया, जहां से रेफर होने के बाद परी ने चंडीगढ़ सेक्टर-32 में दम तोड़ दिया। अंबाला के एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि मुख्य आरोपी भूषण को काबू कर लिया गया है।

साथ ही मामले में संलिप्त कुछ और लोगों को भी हिरासत में लेकर जांच चल रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। शिकायतकर्ता ओम प्रकाश-68 ने बताया कि उसके पास दो एकड़ जमीन थी। जिसे उसने दोनों लड़कों में बांट दी थी। इसके बावजूद बड़ा बेटा भूषण सारी जमीन अपने नाम कराने के लिए दबाव बना रहा था। इसे लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

रविवार को वह काम से नारायणगढ़ गया था। लौटा तो देखा कि जमीन के लिए दोनों भाइयों में बहस हो रही थी। देखते ही देखते आरोपियों ने हाथों में गंड़ासी, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर हमला कर दिया और सभी को मौत के घाट उतार दिया। उसने मौके से भागकर जान बचाई और ग्रामीणों तथा पुलिस को घटना की सूचना दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 1
Angry Angry 1
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User