Etah News : दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; मुख्य आरोपी रुकमपाल अब भी फरार
दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; मुख्य आरोपी रुकमपाल अब भी फरार एटा। अवागढ़ थाना क्षेत्र में करीब पांच दिन पहले हुए मां-बेटी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 25 हजार रुपये का इनामी सियाराम भी शामिल है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद की है। हालांकि, मृतका प्रियंका का पति और मुकदमे में सामने आया आरोपी रुकमपाल सिंह अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए डीआईजी ने चार पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस के मुताबिक, इन टीमों में एक टीम ने कार्रवाई करते हुए सियाराम, दिनेश कुमार और धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। सियाराम और धर्मेंद्र को किला बाईपास रोड से जाने वाले रास्ते से तड़के करीब 4:30 बजे, जबकि दिनेश कुमार को टूंडला-एटा रोड के पास एक होटल से करीब 4:50 बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात अवागढ़ क्षेत्र में प्रियंका और उसकी मां कमला देवी की हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। मामले में प्रियंका की ओर से थाना अवागढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने रुकमपाल सिंह समेत अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने की बात कही। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सियाराम ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे रुकमपाल की पत्नी प्रियंका के व्यवहार को लेकर परिवार में विवाद रहता था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते प्रियंका और उसकी मां कमला देवी की हत्या की योजना बनाई गई। आरोप है कि योजना के तहत रुकमपाल ने दिनेश को घटना से एक दिन पहले अवागढ़ बुलाया और अपने दूसरे बेटे धर्मेंद्र के किराये के मकान में ठहराया। पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात रुकमपाल ने फोन कर सियाराम समेत अन्य आरोपियों को घर के अंदर बुलाया। इसके बाद अलग-अलग चारपाई पर सो रही प्रियंका और कमला देवी पर हथौड़े से हमला किया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक हथौड़ी बरामद की है। गिरफ्तार सियाराम निवासी ठाठी गदनपुर, थाना एका, फिरोजाबाद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। दिनेश कुमार फिरोजाबाद के थाना मटसेना क्षेत्र के बरामई गांव का निवासी है, जबकि धर्मेंद्र सिंह सियाराम का पुत्र है और वर्तमान में अवागढ़ कस्बे के मोहल्ला तवायफान में किराये के मकान में रहता है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में फरार चल रहे रुकमपाल पुत्र सियाराम की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। इस पर भी एसपी ने बताया है कि 25 हजार का इनाम घोषित है उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)