15 अगस्त पर दिखेगा देशभक्ति का जज्बा, चूक बर्दाश्त नहीं! डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
15 अगस्त पर दिखेगा देशभक्ति का जज्बा, चूक बर्दाश्त नहीं! डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
फर्रुखाबाद। आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे जनपद में गरिमामय, भव्य और राष्ट्रभक्ति की भावना के अनुरूप मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का खाका तैयार किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त की सुबह 6:30 बजे जनपद के सभी विकास खंडों, तहसील मुख्यालयों और नगर क्षेत्रों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जबकि नगर क्षेत्र में स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम से प्रभात फेरी का आयोजन होगा। प्रभात फेरी मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में बताया गया कि सुबह 7:00 बजे फिट इंडिया रन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 7:30 बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सुबह 8:00 बजे सभी शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों तथा संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि ध्वजारोहण कार्यक्रम केंद्र एवं राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराया जाए। विद्यालयों में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वाद-विवाद, चित्रकला और अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि बच्चों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएं, कारागारों और आश्रय स्थलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित हों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी विभिन्न गतिविधियां कराई जाएं। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर निकायों, विकास खंडों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, शहीद स्मारकों तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास सफाई, चूना छिड़काव एवं सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में पूरा करा लिया जाए। कार्यक्रम स्थलों पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था भी समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)