अफेयर में महिला की गला दबाकर हत्या, बेटी ने आरोपी को फंदे पर लटकाते देखा, पुलिस ने दबोचा
अफेयर में महिला की गला दबाकर हत्या, बेटी ने आरोपी को फंदे पर लटकाते देखा, पुलिस ने दबोचा
अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी शव को रस्सी से पंखे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान महिला की बेटी कमरे में पहुंच गई। उसके शोर मचाने पर आरोपी भागने लगा, लेकिन मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना जोया कस्बे के टंकी मोहल्ले की है।
मृतका की पहचान शमा परवीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुरादाबाद के बिलारी क्षेत्र के सहसपुर की रहने वाली थीं। पति महबूब अली से तलाक के बाद वह अपनी बेटी और दामाद के साथ जोया में रह रही थीं। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 11:30 बजे शमा परवीन की बेटी नेहा अपनी मां के कमरे में पहुंची। वहां उसने एक व्यक्ति को शव रस्सी से बांधकर पंखे पर लटकाने की कोशिश करते देखा। यह देखते ही उसने शोर मचा दिया। नेहा की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो एक व्यक्ति वहां से भागता दिखाई दिया। डायल-112 पर तैनात दीवान कुलदीप चौहान और चालक हरवीर सिंह ने उसका पीछा कर कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान बिजनौर के चांदपुर निवासी नूरुद्दीन के रूप में बताई। पुलिस पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसका शमा परवीन से लंबे समय से प्रेम संबंध था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। एडिशनल एसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)