जमीन के लालच और पुरानी रंजिश ने ली जान! दो आरोपी गिरफ्तार
जमीन के लालच और पुरानी रंजिश ने ली जान! दो आरोपी गिरफ्तार
फर्रुखाबाद/ थाना कमालगंज क्षेत्र के ग्राम सवासी में हुए चर्चित हरनाम सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कैलाश चन्द्र शर्मा और नीलेन्द्र पुत्र धीरेन्द्र उर्फ नारद ने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि करीब चार से पांच वर्ष पूर्व कैलाश चन्द्र शर्मा ने अपनी लगभग छह बिस्वा जमीन हरनाम सिंह को बेहद कम कीमत पर बेच दी थी।
समय के साथ उस जमीन की कीमत कई गुना बढ़ गई, जिसके बाद कैलाश लगातार हरनाम सिंह पर जमीन वापस करने का दबाव बना रहा था। उसने हरनाम से कहा कि वह पहले लिए गए रुपये लौटा देगा, लेकिन हरनाम जमीन वापस देने को तैयार नहीं था। इसी बीच करीब 10 से 15 दिन पहले नीलेन्द्र का भी हरनाम सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के मन में हरनाम के प्रति गहरी रंजिश पैदा हो गई। इसी रंजिश और जमीन के विवाद ने हत्या की साजिश को जन्म दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मौका पाकर हरनाम सिंह पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण हरनाम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और शव को खेत से उठाकर मृतक के बाड़े की ओर जाने वाले रास्ते पर फेंक दिया, ताकि घटना को दूसरी दिशा दी जा सके। हालांकि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सफलता में थाना कमालगंज प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार, कांस्टेबल तेजवीर सिंह, रिंकू चाहर तथा योगेंद्र सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)