झोलाछाप डॉक्टर की हत्या से गंगापार सवासी में सनसनी, खेत में मिला शव
झोलाछाप डॉक्टर की हत्या से गंगापार सवासी में सनसनी, खेत में मिला शव
कमालगंज/फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गंगापार सवासी में झोलाछाप डॉक्टर हरिनाम उर्फ पप्पू यादव (48) की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने पहले उनकी पिटाई की और बाद में अंगोछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह उनका शव गांव से करीब 700 मीटर दूर एक खेत में पड़ा मिला। जानकारी के मुताबिक हरिनाम सोमवार शाम करीब चार बजे यह कहकर घर से निकले थे कि वह अपनी झोपड़ी पर जा रहे हैं। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नारायण के खेत में उनका शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की।
घटनास्थल पर शव मिट्टी से सना हुआ मिला और गले में अंगोछा बंधा था। सिर और आंख पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस को मौके से मृतक की डायरी, पेन, चप्पल और लकड़ी का टुकड़ा मिला है। जांच के दौरान झोपड़ी से खेत तक घसीटे जाने के निशान भी मिले हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट और गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक को आखिरी बार सोमवार शाम कैलाश के घर के सामने देखा गया था। मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी आलोक सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)