एटा में स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 65 के चालान और 43 वाहन सीज; बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर होगी सख्ती
एटा में स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 65 के चालान और 43 वाहन सीज; बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पर होगी सख्ती
एटा। विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति और जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवम यादव ने बताया कि “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान के तहत विद्यालयी वाहनों की जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर कमियों वाले 43 वाहनों को सीज किया गया। प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वाहन में वैध फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट और जीपीएस जैसी जरूरी सुविधाएं अनिवार्य रूप से मौजूद हों।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी कई अहम निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ब्लैक स्पॉट सुधार, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर रोक, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था के लिए लगातार जांच एवं संयुक्त अभियान जारी रहेंगे। बैठक में एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, रोडवेज अधिकारी, यातायात पुलिस समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)