अभ्युदय' से प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान, डीएम

Jul 16, 2026 - 07:43
0 1
अभ्युदय' से प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान, डीएम

block-350 block-350

'अभ्युदय' से प्रतिभाओं को मिलेगी नई उड़ान, डीएम

जीआईसी में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को दिया सफलता का मंत्र

फर्रुखाबाद/आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को जनपद में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "अभ्युदय" का वास्तविक अर्थ जीवन की संभावनाओं का सूर्योदय है और यह योजना हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग लेने में सक्षम नहीं हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समर्पण और आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत और सही दिशा में किया गया प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल किताबें पढ़ने तक सीमित न रहने, बल्कि विषयों का गहन विश्लेषण करने और अपनी शंकाओं का समाधान शिक्षकों से समय-समय पर कराने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य स्पष्ट होगा और तैयारी ईमानदारी से होगी तो सफलता अवश्य मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि कोचिंग सेंटर का संचालन पूरी गुणवत्ता, नियमितता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। विद्यार्थियों को सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी शंकाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि जनपद के युवाओं के लिए यह कोचिंग सेंटर बड़ी सौगात है। उन्होंने विद्यार्थियों को कम लेकिन गुणवत्तापूर्ण अध्ययन करने की सलाह देते हुए कहा कि पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन सफलता की राह आसान बना सकता है।

जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को अपना आदर्श बनाकर मेहनत करें। उन्होंने विश्वास जताया कि अभ्युदय कोचिंग के माध्यम से योग्य शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने से अधिक से अधिक विद्यार्थी प्रशासनिक एवं अन्य प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग, अध्ययन सामग्री तथा विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभ्युदय योजना से जुड़े संकाय सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User