Etah News : रेलवे से बिना मंडी शुल्क 24,900 कुंतल मक्का भेजने का भंडाफोड़, ₹8.72 लाख का जुर्माना
रेलवे से बिना मंडी शुल्क 24,900 कुंतल मक्का भेजने का भंडाफोड़, ₹8.72 लाख का जुर्माना
एटा। जिले में मंडी शुल्क की चोरी रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे के माध्यम से बिना वैध गेट पास और मंडी शुल्क जमा किए भेजी जा रही 24,900 कुंतल मक्का की खेप पकड़ ली। मामले में संबंधित फर्म पर ₹8,72,300 का मंडी शुल्क एवं जुर्माना अधिरोपित किया गया है। साथ ही फर्म के लाइसेंस निरस्तीकरण और पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, डिप्टी कलेक्टर विपिन कुमार मोरल, तहसीलदार नीरज कुमार तथा मंडी समिति की संयुक्त टीम ने अलीगंज रोड स्थित नवीन मंडी समिति परिसर में रेलवे मालगोदाम पर छापेमारी की।
जांच के दौरान पाया गया कि मां शारदा ट्रेडिंग कंपनी की ओर से लगभग 24,900 कुंतल मक्का रेलवे के माध्यम से अन्य राज्यों को भेजा जा रहा था, जबकि इसके लिए न तो वैध गेट पास जारी कराया गया था और न ही नियमानुसार मंडी शुल्क (आर-9) जमा किया गया था। प्रथम दृष्टया मंडी शुल्क चोरी का मामला सामने आने पर मंडी समिति ने तत्काल ₹8,72,300 का मंडी शुल्क एवं जुर्माना अधिरोपित कर दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि रेलवे के माध्यम से अन्य फर्मों द्वारा भेजी गई कृषि उपज और संबंधित अभिलेखों की भी गहन जांच की जाए, ताकि कहीं और भी राजस्व चोरी हुई हो तो दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने स्पष्ट कहा कि शासन के राजस्व की चोरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिरोपित धनराशि की वसूली भू-राजस्व की भांति की जाएगी। साथ ही संबंधित फर्म के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई के अलावा इस प्रकरण में संलिप्त मंडी समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)