ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, मुड़गांव प्रधान सहित 5 गिरफ्तार
ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष, मुड़गांव प्रधान सहित 5 गिरफ्तार
फायरिंग में 7 घायल, लाइसेंसी असलहा व डंडे बरामद; मुख्य घायल का कानपुर में इलाज जारी
फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गैंसिंगपुर में ग्राम समाज की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कब्जे के प्रयास का विरोध करने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ फायरिंग शुरू हो गई। इस हिंसक घटना में सात लोग घायल हो गए, जिनमें प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई को मुड़गांव के प्रधान रामनारायण ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। इसका निसाई की प्रधान प्रतिनिधि सत्येंद्र ने विरोध किया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और गोलियां भी चलीं। फायरिंग में सत्येंद्र के एक बेटे तथा राहुल को गोली लगी, जबकि अन्य लोग लाठी-डंडों की चोट से घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। इसके बाद निसाई की प्रधान गीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुड़गांव के प्रधान रामनारायण, उनके पुत्र मनीष, अजीत, रामनरेश तथा शिव नरेश को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी असलहा और लाठी-डंडे बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और यदि विवेचना में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)