बाढ़ को लेकर फर्रुखाबाद प्रशासन अलर्ट, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने NDRF तैयारियों का लिया जायजा
बाढ़ को लेकर फर्रुखाबाद प्रशासन अलर्ट, डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने NDRF तैयारियों का लिया जायजा फर्रुखाबाद। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गंगा पार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में आयोजित एनडीआरएफ (NDRF) के आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राहत सामग्री पहुंचाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और हर व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सिंचाई, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य और नगर पंचायत समेत संबंधित विभागों को गंगा और रामगंगा के जलस्तर तथा संवेदनशील तटबंधों पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा। साथ ही नाव, मोटरबोट, गोताखोर और अन्य बचाव संसाधनों को हर समय तैयार रखने तथा संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एनडीआरएफ की टीम ने छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को आपदा के दौरान बचाव एवं प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रशिक्षण में सीपीआर (CPR), रक्तस्राव रोकने की तकनीक, स्प्लिंटिंग, श्वासनली अवरोध से बचाव, सुरक्षित निकासी और बाढ़ के दौरान उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी उपकरण तैयार करने का अभ्यास कराया गया। एनडीआरएफ के जवानों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन भी किया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के बाद डीएम ने गंगा और रामगंगा नदी के किनारे स्थित संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृतपुर तहसील के ग्राम अलहारपुर भटौली, कड़क्का बंदी और पांचाल घाट पहुंचकर एनडीआरएफ की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 8 से 10 प्रशिक्षित कर्मियों की टीम लगातार तैनात है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि बाढ़ या बारिश से संबंधित किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या कंट्रोल रूम को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह तैयार है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अमृतपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)