40 दिन की छुट्टियों के बाद स्कूल की घंटी: 'कल जरूर आना बच्चों...', शिक्षिका का भावुक संदेश
40 दिन की छुट्टियों के बाद स्कूल की घंटी: 'कल जरूर आना बच्चों...', शिक्षिका का भावुक संदेश
कायमगंज/फर्रुखाबाद। करीब 40 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद मंगलवार, 1 जुलाई से स्कूलों में फिर से रौनक लौटने जा रही है। इस अवसर पर शिक्षिका मिथलेश अग्रवाल ने अपने विद्यार्थियों और अभिभावकों के नाम एक भावुक संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने पहले ही दिन सभी बच्चों से स्कूल आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अक्सर छुट्टियों के बाद पहले दिन कई बच्चे स्कूल नहीं आते, जबकि पढ़ाई पहले दिन से ही शुरू हो जाती है। ऐसे में अनुपस्थित रहने का नुकसान किसी और का नहीं, बल्कि बच्चे की पढ़ाई का होता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को पहले दिन ही विद्यालय अवश्य भेजें। मिथलेश अग्रवाल ने बच्चों को याद दिलाया कि गर्मी की छुट्टियों में उन्हें जानबूझकर कोई होमवर्क नहीं दिया गया था, ताकि वे खुलकर खेल सकें, परिवार के साथ समय बिता सकें और नई ऊर्जा के साथ लौटें।
केवल इतना कहा गया था कि छुट्टियों के अपने अनुभव लिखकर लाएं, ताकि उन्हें कक्षा और प्रार्थना सभा में साझा किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि अनुशासन, समय की पाबंदी, अच्छे संस्कार और बेहतर भविष्य की नींव रखने का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है। जो बच्चे नियमित रूप से समय पर विद्यालय आते हैं, वही आगे चलकर जीवन में बड़ी सफलताएं हासिल करते हैं। अपने संदेश में उन्होंने बच्चों को मोबाइल का कम इस्तेमाल करने, घर का पौष्टिक भोजन खाने, प्रतिदिन खेलने, अच्छे मित्र बनाने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी। साथ ही कहा कि यदि कोई समस्या हो तो उसे माता-पिता से खुलकर साझा करें। इससे मानसिक तनाव दूर रहेगा और स्वस्थ जीवन के साथ सफलता का रास्ता भी आसान होगा। अंत में उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों को पर्याप्त समय देने की अपील करते हुए कहा कि परिवार का साथ और विद्यालय का मार्गदर्शन मिलकर ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य तैयार करते हैं। "नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए उत्साह के साथ कल से स्कूल का सफर फिर शुरू होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)