प्रेमिका से मिलने की जिद में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, पांच घंटे बाद सकुशल उतारा गया
प्रेमिका से मिलने की जिद में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, पांच घंटे बाद सकुशल उतारा गया
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज नगर में गुरुवार सुबह एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। युवक अपनी परिचित महिला से मिलने की मांग को लेकर करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया। घटना नगर के पुल गालिब क्षेत्र स्थित वोडाफोन मोबाइल टावर की है। गुरुवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने एक युवक को टावर के शीर्ष पर बैठे देखा। सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया गया कि टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने स्वयं डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी, कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद निवासी चंदन शेखावत (30) पुत्र मोहन राम के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के यहां कार्यरत है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी एक महिला से जान-पहचान थी, जो वर्तमान में गाजियाबाद में रहकर काम करती है। युवक का कहना था कि वह उससे मिलना चाहता है और इसी मांग को लेकर टावर पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अपने साथ पानी, कोल्ड ड्रिंक और खाने-पीने का सामान भी लेकर गया था। वह लगातार अधिकारियों से महिला को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक युवक से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद युवक अधिकारियों की बात मान गया और सुबह लगभग 11 बजे सकुशल नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। संबंधित महिला से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)