जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप: अवैध कब्जाधारकों पर होगी एफआईआर

Jun 26, 2026 - 07:26
0 1
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप: अवैध कब्जाधारकों पर होगी एफआईआर

block-350 block-350

जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप: अवैध कब्जाधारकों पर होगी एफआईआर

मैनपुरी (अजय किशोर) जनपद में भूमि और राजस्व संबंधी विवादों के त्वरित व पारदर्शी निस्तारण के लिए चलाए जा रहे मिशन समाधान अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने गुरुवार को तहसील करहल और किशनी के विभिन्न गांवों का धरातलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहकर मौके पर निष्पक्ष कार्रवाई के रूप में दिखना चाहिए। सरकारी जमीनों, तालाबों, चकरोडों और नालियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ उन्होंने सख्त कानूनी कार्रवाई और भू-माफियाओं पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान ग्राम जगन्नाथपुर (मौजा नगला नीवा) में अभिलेखों से अधिक भूमि पर निर्माण और कब्जा पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल दोबारा पैमाइश कर विस्तृत रिपोर्ट तलब की।

वहीं, ग्राम समाज की सामान्य आबादी भूमि पर बिना अनुमति मिट्टी डालने के मामले में उन्होंने राजस्व कर्मियों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई और पूरे प्रकरण की वीडियोग्राफी कराकर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस भूमि को बारात घर निर्माण के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव बनाने को भी कहा। अभियान के तहत जिलाधिकारी ने एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम मानिकपुर परशुरामपुर में लगभग 21 वर्ष पुराने पट्टे की भूमि पर पात्र लाभार्थी जौकीलाल को कब्जा दिलाया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कब्जा मिलने के बाद लाभार्थियों से संतुष्टि प्रमाण-पत्र भी लिया जाए। इसके अतिरिक्त, ग्राम नगला जाट में स्थित गाटा संख्या-2437 के तालाब पर अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण देखकर जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया। उन्होंने तत्काल जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करने, तालाब की सीमा पर पिलर लगाने और पूरे क्षेत्र का सर्वेक्षण कर इसे वेटलैंड (आर्द्रभूमि) घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए।

किसानों की सिंचाई समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने मौके पर ही नाली का सीमांकन कराकर जेसीबी से खुदाई शुरू कराई। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी करहल सुनिष्ठा सिंह, उप जिलाधिकारी किशनी गोपाल शर्मा सहित पुलिस और राजस्व विभाग के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User