छेड़छाड़ और जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

Jun 23, 2026 - 07:48
0 1
छेड़छाड़ और जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

block-350 block-350

छेड़छाड़ और जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल

राजेपुर/ फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सीढ़े चकरपुर में नाबालिग किशोरी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सराहनीय तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जानकारी के अनुसार 20 जून की शाम गांव की 16 वर्षीय किशोरी घर पर काम कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी विन्दरपाल पुत्र पूरनलाल घर में घुस आया और किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। किशोरी के परिजन रामू ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चला गया।

पीड़ित पक्ष के अनुसार कुछ देर बाद रामू खेत की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे विन्दरपाल, इन्द्रपाल और धर्मेन्द्र ने उसे रोक लिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रामू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विन्दरपाल को निविया चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User