जर्जर भवन का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला: 65 बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
जर्जर भवन का छज्जा गिरा, बड़ा हादसा टला: 65 बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगर के कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब वर्षों पुराने एक जर्जर भवन का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा उस स्थान से कुछ ही दूरी पर हुआ जहां कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज परिसर में शिव शक्ति अखाड़ा द्वारा ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। इस शिविर में 20 मई से 20 जून तक प्रतिदिन करीब 65 छात्र-छात्राएं दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक प्रशिक्षण ले रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि छज्जा गिरने की यह घटना प्रशिक्षण के दौरान होती, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी और कई बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। गनीमत रही कि घटना कार्यक्रम शुरू होने से लगभग आधा घंटा पहले हो गई। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यह भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में था और इसके संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी थीं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं कि जब पहले से ही जर्जर भवनों की पहचान के लिए टीमें गठित की गई थीं, तो इस भवन को सुरक्षित या ध्वस्त क्यों नहीं किया गया। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि जर्जर भवन को तुरंत सुरक्षित किया जाए और क्षेत्र में मौजूद अन्य खतरनाक भवनों का भी सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)