एटा कनेक्शन के साथ 21 लाख की गांजा खेप बरामद: ओडिशा से आए दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
एटा कनेक्शन के साथ 21 लाख की गांजा खेप बरामद: ओडिशा से आए दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
कायमगंज/फर्रूखाबाद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) मेरठ और कायमगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 42.5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एटा जिले के एक कथित खरीदार की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा लेकर दो तस्कर कायमगंज क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने कायमगंज बाईपास स्थित बेरिया तिराहे के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान बस से उतरे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एक सूटकेस और दो बैगों से कुल 42.5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कार्रवाई के बाद उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। नायब तहसीलदार अनवर हुसैन की मौजूदगी में बरामद गांजे का वजन कराया गया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माल को सील कर दिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गांजे की यह खेप ओडिशा के कोरापुट क्षेत्र से लाई जा रही थी। वे ट्रेन के जरिए पहले रायपुर पहुंचे, इसके बाद कानपुर और फर्रुखाबाद होते हुए बस से कायमगंज आए थे। पुलिस के अनुसार यह मामला एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसकी अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान निवासी सतेंद्र चौधरी उर्फ मुन्ना तथा ओडिशा के कोरापुट निवासी मिन्ना के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि गांजे की खेप एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव गोहटिया निवासी कैसर खां को सौंपी जानी थी। इस जानकारी के बाद पुलिस ने आरोपी खरीदार की तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस अभियान में एएनटीएफ मेरठ की टीम से उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल पंकज, रोहित और कपिल रावत शामिल रहे। वहीं कायमगंज कोतवाली से उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव, जावेंद्र सिंह और प्रवीण यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कोतवाली पुलिस ने एएनटीएफ की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गांजे के स्रोत, सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)