7 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के गहने और नकदी बरामद
7 महीने से पुलिस को चकमा दे रहा शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के गहने और नकदी बरामद
कायमगंज/ फर्रुखाबाद कायमगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले सात महीनों से चोरी के एक सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे शातिर आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना और पुलिस की सक्रियता के चलते वह कानून के शिकंजे से बच नहीं सका। जानकारी के अनुसार, कुआंखेड़ा चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह को सूचना मिली कि लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी सिनौली रोड के आसपास देखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर हरदोई जनपद के सांडी थाना क्षेत्र स्थित कूंचा टोला निवासी कमलेश पुत्र वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि 16 नवंबर 2025 को कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव कलां खेल निवासी शन्दू खान के घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। चोर घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और एक एकनाला बंदूक चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में शामिल दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन तीसरा आरोपी कमलेश लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,420 रुपये नकद और चोरी के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी से चोरी गई बंदूक के बारे में भी पूछताछ की। पूछताछ में कमलेश ने बताया कि चोरी के अगले ही दिन पुलिस कार्रवाई के डर से उसने और उसके साथियों ने बंदूक को शन्दू खान के घर के पास ही एक सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया था और वहां से फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस पहले ही शाहजहांपुर के हुल्लापुर निवासी सुनील और कासगंज के उस्मानपुर निवासी जयप्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। कमलेश इस गैंग का आखिरी सदस्य था जो अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। लगातार फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)