फर्रुखाबाद को मिले नए सीएमओ, डॉ. आनंद उपाध्याय ने संभाला पदभार
फर्रुखाबाद को मिले नए सीएमओ, डॉ. आनंद उपाध्याय ने संभाला पदभार
फर्रुखाबाद। जनपद के स्वास्थ्य विभाग में हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत फर्रुखाबाद को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) मिल गया है। जालौन में चिकित्साधीक्षक के पद पर कार्यरत रहे डॉ. आनंद उपाध्याय ने सोमवार को पदभार ग्रहण कर लिया। वहीं, निवर्तमान सीएमओ डॉ. अवनीन्द्र कुमार का स्थानांतरण कर उन्हें लखनऊ स्थित प्रशिक्षण महानिदेशालय में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में किए गए व्यापक तबादलों के तहत रविवार देर रात जारी आदेशों में कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए।
इसी क्रम में डॉ. आनंद उपाध्याय को फर्रुखाबाद की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले के स्वास्थ्य विभाग को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉ. अवनीन्द्र कुमार ने जुलाई 2022 में फर्रुखाबाद के सीएमओ का पद संभाला था। अपने लगभग चार वर्षीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर संचालन, टीकाकरण अभियान को गति देने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें पदोन्नति के साथ संयुक्त निदेशक का दायित्व सौंपा गया है। तबादला सूची के अनुसार फर्रुखाबाद के अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन गौतम को बाराबंकी का सीएमओ बनाया गया है। वहीं डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के महिला विंग में तैनात डॉ. प्रमोद कुमार को अंबेडकर नगर का मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। नए सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय के आगमन से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। वहीं, डॉ. अवनीन्द्र कुमार के स्थानांतरण पर विभागीय कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वास्थ्य विभाग में हुआ यह प्रशासनिक बदलाव जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उम्मीद है कि नए नेतृत्व में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)