फर्रुखाबाद में रातभर अंधेरे में डूबे 100 गांव, तेज आंधी से 33 केवी लाइनें ठप

May 29, 2026 - 21:19
0 0
फर्रुखाबाद में रातभर अंधेरे में डूबे 100 गांव, तेज आंधी से 33 केवी लाइनें ठप

फर्रुखाबाद में रातभर अंधेरे में डूबे 100 गांव, तेज आंधी से 33 केवी लाइनें ठप

फर्रुखाबाद/ जिले में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और हल्की बारिश ने बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर 33 केवी लाइनें टूट गईं और बिजली के पोल गिर गए, जिससे करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी रात बाधित रही। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोग रातभर बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से जूझते रहे। सबसे अधिक असर नवाबगंज, मीरापुर, हजियापुर और राजेपुर क्षेत्रों में देखने को मिला। तेज हवाओं के कारण नवाबगंज क्षेत्र की 33 केवी लाइन में अचानक ब्रेकडाउन हो गया, जिससे मीरापुर क्षेत्र के 50 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए।

 पूरी रात बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों ने देर रात से ही लाइन दुरुस्त करने का काम शुरू किया, जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। उधर हजियापुर विद्युत उपकेंद्र पर भी आंधी के कारण तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते आसपास के कई गांवों की बिजली सुबह तक बाधित रही। राजेपुर क्षेत्र में भी तेज हवाओं ने बिजली नेटवर्क को नुकसान पहुंचाया, जिससे ग्रामीण इलाकों में घंटों अंधेरा छाया रहा। नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में एक बिजली का पोल गिर जाने से हालात और गंभीर हो गए। पोल गिरने के कारण अठसेनी फीडर पूरी तरह ठप हो गया। खबर लिखे जाने तक इस फीडर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच पूरी रात बिजली न रहने से लोगों की नींद हराम हो गई। फर्रुखाबाद शहर भी बिजली संकट से अछूता नहीं रहा। रातभर लगातार ट्रिपिंग होती रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई मोहल्लों में बार-बार बिजली आने-जाने से लोग परेशान दिखे। बिजली विभाग की टीमें रातभर फॉल्ट तलाशने और लाइन दुरुस्त करने में जुटी रहीं। स्थानीय लोगों ने बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि हल्की आंधी और बारिश में ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाना विभागीय तैयारियों पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर लाइनों और पुराने पोलों को जल्द बदला जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या से राहत मिल सके। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आंधी के कारण कई स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। विभाग की टीमें लगातार मरम्मत कार्य में लगी हैं और जल्द सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User