बकरीद पर्व के दृष्टिगत डीएम एवं एसएसपी ने किया संयुक्त पैदल गश्त, साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश
*शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाएं बकरीद : डीएम-एसएसपी*
बकरीद पर्व के दृष्टिगत डीएम एवं एसएसपी ने किया संयुक्त पैदल गश्त, साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था के दिए निर्देश*
एटा । आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन द्वारा मंगलवार को देर सांय जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पटियाली गेट चौकी,रेवाड़ी मोहल्ला,किदवई नगर सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ संयुक्त पैदल गश्त किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने शहर के संभ्रांत एवं गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा संबंधी फीडबैक प्राप्त किया। डीएम एवं एसएसपी ने आमजन से आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने नमाज स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को पर्व के दौरान बेहतर साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध योगेंद्र सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर कृतिका सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात संजय सिंह सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)