भीषण गर्मी में प्यास से तड़प रही नवीन मंडी

May 23, 2026 - 07:31
0 3
भीषण गर्मी में प्यास से तड़प रही नवीन मंडी

block-350 block-350

भीषण गर्मी में प्यास से तड़प रही नवीन मंडी बंद पड़े नल, खराब हैंडपंप और वर्षों से बंद शौचालय बना व्यापारियों-किसानों की मुसीबत अधिकारियों की अनदेखी पर फूटा गुस्सा, बोले व्यापारी – “सुविधाओं के नाम पर सिर्फ दिखावा” कायमगंज/फर्रुखाबाद एक तरफ भीषण गर्मी ने जनजीवन बेहाल कर रखा है, वहीं दूसरी ओर कायमगंज की नवीन मंडी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली ने व्यापारियों, किसानों और मजदूरों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। मंडी परिसर में लगे सरकारी नल सूखे पड़े हैं, अधिकांश हैंडपंप खराब हैं और सामुदायिक शौचालय वर्षों से ताले में बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में मंडी आने वाले सैकड़ों लोगों को पीने के पानी और शौच जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भटकना पड़ रहा है। मंडी में मौजूद व्यापारियों और किसानों का कहना है कि प्रशासन केवल कागजों में सुविधाएं दिखा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह बदहाल है। भीषण गर्मी के बीच पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन मंडी में लगे नल अब “सफेद हाथी” बन चुके हैं। कई स्थानों पर हैंडपंप टूटे पड़े हैं और जिनके सहारे लोग पानी पीते थे, वे भी लंबे समय से खराब हालत में हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मंडी में बना सामुदायिक शौचालय भी वर्षों से बंद पड़ा है। शौचालय के मुख्य गेट पर ताला लटका हुआ है और अंदर गंदगी का अंबार लगा है। इससे मंडी में आने वाली महिलाओं, किसानों और मजदूरों को खुले में जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए शौचालय अब सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय व्यापारी शानू, रफी खां, भाई मियां समेत कई लोगों ने बताया कि मंडी में पानी की टंकी भी केवल नाम मात्र की रह गई है। पानी सप्लाई की कोई व्यवस्था सही तरीके से संचालित नहीं हो रही। अधिकारियों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन हर बार आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है। व्यापारियों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत और लापरवाही के कारण ही शौचालय पर वर्षों से ताला लटका हुआ है और खराब पड़े नलों व हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई जा रही। मंडी में आने वाले किसानों ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार गर्मी से बचाव और पेयजल व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन नवीन मंडी की हालत उन दावों की पोल खोल रही है। यहां इंसान तो इंसान, पशु-पक्षी तक पानी के लिए भटक रहे हैं। व्यापारियों और किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े सामुदायिक शौचालय को तत्काल चालू कराया जाए, खराब हैंडपंपों और नलों की मरम्मत कराई जाए तथा मंडी में नियमित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User