जयपुरिया स्कूल शिकोहाबाद में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे

May 12, 2026 - 22:24
 0  1
जयपुरिया स्कूल शिकोहाबाद में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
follow on google सुराग ब्यूरो को गूगल पर फेवरेट बनाएँ

जयपुरिया स्कूल शिकोहाबाद में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे रंगारंग प्रस्तुतियों और भावनात्मक गतिविधियों ने बाँधा समां

शिकोहाबाद। “माँ वह है जो सबकी जगह ले सकती है, लेकिन जिसकी जगह कोई और नहीं ले सकता।” इसी भावपूर्ण संदेश के साथ सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल शिकोहाबाद में मदर्स डे बड़े ही उत्साह, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों, माताओं एवं शिक्षकों की सहभागिता ने वातावरण को भावनाओं और खुशियों से सराबोर कर दिया। 

विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी सेक्शन के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। बच्चों ने मधुर गीतों, नृत्य एवं आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी माताओं के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया। उनकी मासूम अभिव्यक्तियों और सुरीले गीतों ने उपस्थित अभिभावकों को भावुक कर दिया। 

मदर्स डे के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने अपनी माताओं के लिए सुंदर हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड, आकर्षक उपहार एवं विशेष संदेश तैयार किए। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि माँ के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता को व्यक्त करने के लिए केवल एक दिन पर्याप्त नहीं है। 

कार्यक्रम के दौरान माताओं ने भी बच्चों के साथ सहभागिता करते हुए इस विशेष दिन का आनंद लिया। विद्यालय का वातावरण प्रेम, स्नेह और पारिवारिक भावनाओं से ओत-प्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में अपनी माताओं के प्रति आदर, संवेदनशीलता एवं पारिवारिक मूल्यों को विकसित करना था। 

विद्यालय की प्रधानाचार्या एकता शर्मा ने बच्चों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए सभी माताओं को उनकी शानदार सहभागिता एवं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माँ एक बच्चे के जीवन की पहली गुरु होती है और उसके व्यक्तित्व, संस्कार तथा भविष्य के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। माँ अपने अथक परिश्रम, त्याग और समर्पण से परिवार को सशक्त बनाती है तथा बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

 उन्होंने कहा कि हम सभी अपनी सफलता का श्रेय कहीं न कहीं अपनी माताओं को देते हैं, क्योंकि वे हर परिस्थिति में परिवार का संबल बनकर खड़ी रहती हैं। यही कारण है कि जीवनभर हम अपने माता-पिता के ऋणी रहते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों एवं माताओं ने एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए और विद्यालय परिवार ने सभी माताओं को मदर्स डे की शुभकामनाएँ दीं।