खेत की झोपड़ी में लगाई आग, सो रहे किसान की जलकर मौत

May 04, 2026 - 21:27
0 7
खेत की झोपड़ी में लगाई आग, सो रहे किसान की जलकर मौत

खेत की झोपड़ी में लगाई आग, सो रहे किसान की जलकर मौत

फर्रुखाबाद/कंपिल। जिले के कंपिल थाना क्षेत्र के राईपुर चिनहटपुर गांव में सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत में बनी झोपड़ी में आग लगा दिए जाने से वहां सो रहे एक किसान की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दूसरा किसान गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार राईपुर चिनहटपुर निवासी ओमकार बहेलिया (48) और रामौतार यादव (60) अपनी फसल को अन्ना मवेशियों से बचाने के लिए गांव से करीब चार किलोमीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में रात के समय ठहरे हुए थे। रोज की तरह दोनों किसान खेत की रखवाली कर रहे थे। सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

आग की लपटों में फंसे दोनों किसानों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन ओमकार बहेलिया खुद को नहीं बचा सके और झोपड़ी के अंदर ही जिंदा जल गए। वहीं गंभीर रूप से झुलसे रामौतार यादव किसी तरह जान बचाकर वहां से निकले और गांव पहुंचकर ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी। घायल रामौतार ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान वहां तीन संदिग्ध लोग मौजूद थे। उनका आरोप है कि जब वे और ओमकार आग से बचने के लिए बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, तब उन लोगों ने उन्हें वापस झोपड़ी की ओर धक्का दिया और मौके से फरार हो गए। इस बयान के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। घटना के समय रात में हुई बारिश के कारण खेतों तक जाने वाले रास्ते कीचड़ से भर गए थे, जिससे पुलिस, दमकल विभाग और ग्रामीणों को मौके तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दमकल वाहन गांव तक पहुंच सका, लेकिन खेत तक नहीं जा पाया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। वहीं खराब रास्ते के कारण मृतक के शव को मुख्य सड़क तक लाने के लिए बैलगाड़ी का सहारा लेना पड़ा। बताया जा रहा है कि मृतक ओमकार पिछले करीब पांच वर्षों से गांव के ही कुछ लोगों के खेत बटाई पर लेकर खेती कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक के बेटे रामनिवास ने बताया कि उनके पिता रविवार रात खाना खाने के बाद खेत पर गए थे और सुबह घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सूचना मिलते ही कंपिल थाना पुलिस, सीओ कायमगंज और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संदिग्ध है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User