कायमगंज में गेहूं खरीद ने पकड़ी रफ्तार: 226 क्विंटल खरीद, 2585 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य
कायमगंज में गेहूं खरीद ने पकड़ी रफ्तार: 226 क्विंटल खरीद, 2585 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य
कायमगंज/ फर्रुखाबाद। कायमगंज क्षेत्र में मौसम साफ होने के बाद सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर फिर से रौनक लौट आई है। बेमौसम बारिश के कारण प्रभावित हुई खरीद प्रक्रिया अब धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है और किसान केंद्रों पर गेहूं लेकर पहुंचने लगे हैं। सरकारी खरीद 2 अप्रैल से शुरू हुई थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते फसल में नमी बढ़ गई थी, जिससे किसान अपनी उपज केंद्रों तक नहीं ला पा रहे थे। केंद्र प्रभारी एवं विपणन अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि खराब मौसम के कारण अब तक केवल 226 क्विंटल गेहूं की ही खरीद हो सकी है। अब मौसम साफ होने के बाद आवक बढ़ने की उम्मीद है।
इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। अधिकारी के अनुसार, फिलहाल केंद्र के लिए कोई निश्चित लक्ष्य तय नहीं किया गया है, लेकिन 15 जून तक चलने वाली इस खरीद प्रक्रिया में सभी पात्र किसानों से गेहूं खरीदने का प्रयास किया जाएगा। खरीद केंद्रों पर बारदाने की कमी को दूर करने के लिए प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। पूरे प्रदेश की तर्ज पर स्थानीय स्तर पर भी कोटेदारों से खाली बोरे लिए जा रहे हैं। ब्लॉक क्षेत्र के 127 कोटेदारों को इस अभियान से जोड़ा गया है और उन्हें इसके बदले भुगतान भी किया जाएगा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि अब खरीद के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। किसान पंजीकरण कराकर अपनी फसल केंद्रों पर बेच सकते हैं। खरीद प्रक्रिया 15 जून तक जारी रहेगी।