मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा: दावत से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Apr 03, 2026 - 21:41
0 2
मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा: दावत से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

block-350 block-350

मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा: दावत से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

मैनपुरी । अजय किशोर। किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना घटित हुई। यहाँ के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कन्नौज के रहने वाले दो सगे चाचा-भतीजा 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम और 50 वर्षीय सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पड़ोसी 35 वर्षीय आफताब ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों मृतक किशनी के जटपुरा गांव में एक वैवाहिक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर छिबरामऊ लौट रहे थे।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वसीम और सत्तार सड़क के बीचों-बीच जा गिरे, जहाँ से गुजर रहे अन्य वाहनों ने उनके शवों को बुरी तरह कुचल दिया। चश्मदीदों और ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले करीब 15 मिनट तक सड़क पर पड़े शवों के ऊपर से गाड़ियां गुजरती रहीं। इस दौरान आफताब उछलकर सड़क किनारे गिर गया था, जिससे उसकी जान तो तत्काल बच गई लेकिन वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपी डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत-विक्षत हो चुके शवों को सड़क से समेटकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल आफताब को तत्काल मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन के जरिए हुई, जिसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को इस त्रासदी की जानकारी दी।

वसीम के भाई नदीम ने बताया कि वे सभी एक साथ शादी से निकले थे, लेकिन महिला साथ होने के कारण वसीम ने उन्हें आगे निकल जाने को कहा था। घर पहुंचने पर जब वसीम का फोन नहीं लगा, तब परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User