Farrukhabad News : प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट पर धरना
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट पर धरना
फर्रुखाबाद/ प्राइवेट स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर महंगी किताबें खरीदने का दबाव बनाने और कथित मनमानी वसूली के विरोध में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फर्रुखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग धरना-प्रदर्शन के लिए जुटे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जनपद के कई निजी स्कूल अभिभावकों को प्राइवेट पब्लिकेशंस की किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। 26 मार्च को दिए गए छह सूत्रीय ज्ञापन पर कार्रवाई न होने से नाराज लोग कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। धरने में उद्योग व्यापार मंडल और महिला सभा की जिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान “प्राइवेट स्कूलों की लूट बंद करो”, “भ्रष्ट स्कूल प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए।
प्रशासन की ओर से पहले सिटी मजिस्ट्रेट और फिरअपर जिलाधिकारी को वार्ता के लिए भेजा गया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनसे बात करने से इंकार कर दिया। बाद में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम को बताया कि सरकार द्वारा निजी प्रकाशनों की किताबों पर रोक के बावजूद जनपद में उनका प्रयोग कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि तत्काल आदेश जारी कर किसी भी विद्यालय को प्राइवेट पब्लिकेशन की किताबें लागू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे ऐसी किताबें न खरीदें और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।