मिलेट जागरूकता रैली का आयोजन, किसानों को श्री अन्न उत्पादन के लिए किया गया प्रेरित
मिलेट जागरूकता रैली का आयोजन, किसानों को श्री अन्न उत्पादन के लिए किया गया प्रेरित
एटा । जनपद एटा में जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देश पर आज मिलेट (श्री अन्न) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) लालता प्रसाद शाक्य एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में जिले के सभी विकासखंडों से आए किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों को श्री अन्न के लोगो वाली टी-शर्ट और कैप वितरित की गईं, ताकि जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर मुख्य विकास अधिकारी आवास, माया पैलेस, तहसील कार्यालय एटा होते हुए नन्हूमल चौराहा स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय पर जाकर समाप्त हुई।
समापन के बाद आयोजित गोष्ठी में किसानों को मिलेट के महत्व और इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और सहायक विकास अधिकारी मौजूद रहे। उप कृषि निदेशक ने किसानों को खरीफ सीजन में रागी, कुटकी, सांवा, कोदो, कंगनी और बाजरा जैसी फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इन फसलों के बीज ब्लॉक स्तरीय राजकीय कृषि बीज भंडारों पर जून-जुलाई में उपलब्ध कराए जाएंगे। रैली के दौरान वाहनों पर होर्डिंग और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्री अन्न के महत्व का प्रचार-प्रसार किया गया।
सैकड़ों किसानों ने पैदल चलकर रैली में हिस्सा लिया और मिलेट उत्पादन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में किसानों को भोजन वितरित किया गया तथा उनसे अपील की गई कि वे अपने गांवों में अन्य किसानों को भी श्री अन्न के लाभों के बारे में जागरूक करें। वक्ताओं ने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने आहार में श्री अन्न को शामिल करे, तो इससे किसानों की आय बढ़ेगी और आमजन का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा।