Etah News : प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या का खुलासा, दो भाई गिरफ्तार

Etah News : प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या का खुलासा, दो भाई गिरफ्तार

Mar 13, 2026 - 20:26
0 95
Etah News : प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या का खुलासा, दो भाई गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग के शक में युवक की हत्या का खुलासा, दो भाई गिरफ्तार

एटा। थाना निधौली कलां क्षेत्र में 6 फरवरी को हुई युवक की हत्या का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना के समय पहने गए कपड़े, जूते और बेल्ट की जली हुई राख भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार ग्राम जौहरपुर निवासी वादी ने 6 फरवरी 2026 को थाना निधौली कलां में सूचना दी थी कि उसका पुत्र धर्मेन्द्र प्रतिदिन की तरह सुबह करीब 4:30 बजे दौड़ने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा तलाश करने पर उसका शव गांव के ही विजय सिंह के सरसों के खेत में पड़ा मिला। अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा श्याम नारायण सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी जलेसर के नेतृत्व में थाना निधौली कलां पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम ने मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही दो सगे भाइयों मोहित कुमार (20) और रवि कुमार (18) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोहित कुमार का गांव की एक लड़की से करीब चार महीने से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले उसे पता चला कि उसकी प्रेमिका और उसका दोस्त धर्मेन्द्र आपस में बातचीत करते हैं। इसी बात को लेकर मोहित धर्मेन्द्र से रंजिश रखने लगा और उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली। इस साजिश में उसने अपने छोटे भाई रवि कुमार को भी शामिल कर लिया। पुलिस के मुताबिक 5 फरवरी को मोहित ने एक कुल्हाड़ी खरीदकर खेतों में छिपा दी थी। 6 फरवरी की सुबह करीब 3:45 बजे उसने धर्मेन्द्र को फोन कर दौड़ने के बहाने बुलाया। इसके बाद दोनों भाइयों ने बम्बे के पास पहले उसके गले में फंदा डालकर बेहोश किया और फिर सरसों के खेत में ले जाकर कुल्हाड़ी से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपियों ने धर्मेन्द्र का मोबाइल स्विच ऑफ कर सिम तोड़ दी और कुल्हाड़ी तथा मोबाइल को बम्बे के किनारे छिपा दिया। साथ ही घटना के समय पहने हुए कपड़े, जूते और बेल्ट को नूहखेडा नहर बम्बा के पास झाड़ियों में थैले सहित जला दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मृतक का मोबाइल फोन तथा जले हुए कपड़ों, जूतों और बेल्ट की राख बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User