Etah News : प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों से एसएसपी व एएसपी ने किया संवाद, पुलिस सेवा की दी गहन जानकारी

Aug 23, 2025 - 20:34
 0  1
Etah News : प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों से एसएसपी व एएसपी ने किया संवाद, पुलिस सेवा की दी गहन जानकारी

प्रशिक्षणाधीन आरक्षियों से एसएसपी व एएसपी ने किया संवाद, पुलिस सेवा की दी गहन जानकारी

एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह द्वारा पुलिस लाइंस एटा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों से संवाद किया गया। इस अवसर पर पुलिस व्यवहार, बीट आरक्षी के कर्तव्य, बीट सूचना, साइबर फ्रॉड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही पुलिस संगठनों की संरचना व कार्यशैली से भी उन्हें अवगत कराया गया। एसएसपी श्री सिंह ने रिक्रूट आरक्षियों को पुलिस सेवा में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों की जानकारी दी और बताया कि कैसे लंबे ड्यूटी घंटे, आपातकालीन परिस्थितियां एवं उच्च दबाव का सामना करते हुए भी एक पुलिसकर्मी को मानसिक संतुलन, शारीरिक फिटनेस एवं भावनात्मक नियंत्रण बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने तीन नए कानून — भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS), तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की वर्तमान भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह देश के सबसे बड़े पुलिस बलों में से एक है, जो साइबर अपराध नियंत्रण, महिला व बाल सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, भीड़ प्रबंधन, नारी सम्मान एवं ‘मिशन शक्ति’ अभियानों में सक्रिय रूप से भाग ले रही है। अपर पुलिस अधीक्षक श्री राजकुमार सिंह ने रिक्रूट्स को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण अवधि को उनके भविष्य की नींव बताया। उन्होंने कहा कि यह समय शारीरिक, मानसिक और नैतिक मजबूती विकसित करने का है। उन्होंने अनुशासन, समय की पाबंदी, व्यवहार में शालीनता और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही, उन्होंने बदलते सामाजिक परिवेश के अनुसार नवीन तकनीक, नए कानूनों एवं शस्त्रों के प्रयोग में दक्षता विकसित करने के लिए प्रशिक्षकों को निर्देशित किया।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर श्री संजय कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सकीट सुश्री कीर्तिका सिंह ने भी प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला और कहा कि यह चरण आरक्षियों की संपूर्ण सेवा के लिए मार्गदर्शक रहेगा। उन्होंने भी अनुशासन, संवेदनशीलता व जनसंपर्क को एक सफल पुलिसकर्मी की पहचान बताया।