Etah News : पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र सुन्ना ढेर, सिपाही घायल

Oct 27, 2026 - 21:09
0 109
Etah News : पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र सुन्ना ढेर, सिपाही घायल

block-350 block-350

एटा में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश वीरेंद्र सुन्ना ढेर, सिपाही घायल

अलीगंज में सर्राफा व्यापारी से लूट के मामले में था वांछित, 53 मुकदमे थे दर्ज; एक साथी फरार

एटा। जिले में मंगलवार शाम थाना कोतवाली नगर और थाना पिलुआ पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश वीरेंद्र सुन्ना गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान थाना पिलुआ में तैनात सिपाही सतपाल भी गोली लगने से घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक बदमाश अलीगंज क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना में वांछित था। उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में कुल 53 मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार 27 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:45 बजे थाना कोतवाली नगर पुलिस अलीगंज तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सर्राफा व्यापारी से लूट की घटना में वांछित एक लाख रुपये का इनामी बदमाश वीरेंद्र अपने एक साथी के साथ सुन्ना नहर के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलने पर कोतवाली नगर पुलिस ने थाना पिलुआ पुलिस को जानकारी दी और संयुक्त रूप से चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान आगरा चुंगी की ओर से बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध निधौली रोड की तरफ जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार सुन्ना नहर की पटरी की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। बदमाशों की फायरिंग में सिपाही सतपाल घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लग गई। दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने घायल बदमाश को मृत घोषित कर दिया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। 

मौके से पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद - पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से एक अवैध पिस्टल, 32 बोर के तीन जिंदा कारतूस, सात खोखा कारतूस, 315 बोर के तीन खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कई जनपदों में दर्ज थे 53 मुकदमे - पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, वीरेंद्र के खिलाफ मैनपुरी, आगरा, इटावा, फिरोजाबाद और एटा समेत विभिन्न जनपदों में कुल 53 मुकदमे दर्ज थे। इनमें लूट, चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ थाना अलीगंज में वर्ष 2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत भी मुकदमा दर्ज बताया गया है। दो थानों की पुलिस टीम रही शामिल - मुठभेड़ में थाना कोतवाली नगर के प्रभारी धर्मेंद्र पंवार और थाना पिलुआ के थानाध्यक्ष संदीप राणा अपनी-अपनी पुलिस टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस फरार बदमाश की तलाश और मामले की आगे की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 2
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
SuragBureau

Surag Bureau पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और स्थानीय व राष्ट्रीय मुद्दों पर समाचार लेखन करते हैं। हमारा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना हैं।

Comments (0)

User