Farrukhabad News : गंगा स्नान के दौरान चार कांवरिए डूबे, मचा हड़कंप
Farrukhabad News : गंगा स्नान के दौरान चार कांवरिए डूबे, मचा हड़कंप
फर्रुखाबाद/ पांचालघाट पर सोमवार तड़के गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शाहजहांपुर से गंगाजल भरने आए चार कांवरिए गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और बाद में पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। काफी देर तक चारों युवकों का पता नहीं चल सका। जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर के खुदागंज क्षेत्र निवासी विकास सक्सेना (22), कमल सक्सेना (23), योगेश सक्सेना (16) और अर्जुन प्रजापति (21) सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे पांचालघाट पहुंचे थे। बताया गया कि सभी गंगा जल लेकर लखीमपुर-खीरी के गोला गोकर्णनाथ जाने की तैयारी में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गंगा स्नान के दौरान चारों युवक बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर चले गए। नदी का बहाव तेज होने के कारण वे संभल नहीं सके और पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पांचालघाट पर गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने युवकों को बैरिकेडिंग के आगे जाने से रोकने का प्रयास किया था, लेकिन इसके बावजूद वे गहरे पानी की ओर चले गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों ने तत्काल नदी में तलाश शुरू की। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए सर्च ऑपरेशन तेज किया। नदी में लगातार युवकों की तलाश की जाती रही। चार युवकों के डूबने की खबर जैसे ही उनके गांव और परिजनों तक पहुंची, परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण पांचालघाट की ओर रवाना हो गए। बताया गया कि विकास आईटीआई की पढ़ाई कर रहे थे और चाचा के साथ ठेला लगाने का काम भी करते थे। कमल चाट-पानी बताशे का ठेला लगाते थे। अर्जुन को परिवार ने विकास का दोस्त बताया, जबकि 16 वर्षीय योगेश कक्षा 10 का छात्र था। पांचालघाट पर गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
इसके बावजूद बैरिकेडिंग पार कर स्नान करने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सतर्कता दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से लगातार श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने की अपील की जाती रही है। फिलहाल नदी में एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी रहा। चारों युवकों की तलाश और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)