ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और अवैध संचालन पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई वाहन सीज
ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और अवैध संचालन पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई वाहन सीज
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जिले में ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और अवैध वाहन संचालन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान कई वाहनों को सीज किया गया और जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान चार ओवरलोड ट्रकों को सीज कर ₹98 हजार का जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना वैध परमिट संचालित हो रही दो डग्गेमार बसों को भी सीज करते हुए ₹65 हजार का जुर्माना किया गया। इसके अलावा कर बकाया वाले चार अन्य वाहनों को सीज कर ₹75 हजार का बकाया टैक्स जमा कराया गया।
परिवहन विभाग के अनुसार जिले के 1158 वाहन मालिकों पर कुल ₹1193.01 लाख का कर बकाया है। सभी संबंधित वाहन स्वामियों को निर्धारित समय में कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। समय सीमा के भीतर कर जमा न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। विभाग ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई तेज करते हुए 146 वाहन स्वामियों के विरुद्ध ₹120.16 लाख की वसूली के लिए रिकवरी प्रमाणपत्र जारी किए हैं। इनकी वसूली राजस्व विभाग के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा लंबे समय से कर बकाया के कारण थानों में खड़े 30 वाहनों की नीलामी पूरी कर ली गई है, जबकि शेष वाहनों की नीलामी प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने कहा कि ओवरलोडिंग, टैक्स चोरी और अवैध वाहन संचालन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से समय पर कर जमा करने, आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)