एआरटीओ कार्यालय का जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
एआरटीओ कार्यालय का जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने किया औचक निरीक्षण, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
एटा। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं कार्यप्रणाली का स्थलीय परीक्षण करने के क्रम में जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बुधवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ), एटा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीय व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रक्रियाओं का गहन निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को बिना किसी अनावश्यक बाधा के पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन हस्तांतरण,नवीन पंजीकरण,ऑनलाइन टैक्स डिपोजिट आदि सहित सभी व्यक्तिगत सेवाओं की प्रक्रिया अधिकतम ऑनलाइन, सुगम एवं नागरिक हितैषी बनाई जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा अथवा उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने वाहन फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था एवं आउटसोर्स एजेंसियों की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता, अवैध वसूली या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाए। संबंधित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी एवं प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में आमजन की सहायता के लिए अधिकृत व्यवस्था हो सकती है, लेकिन किसी भी प्रकार की दलाली, ब्लैकमेलिंग, अवैध हस्तक्षेप अथवा संगठित गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पत्रावलियों एवं अभिलेखों का परीक्षण किया तथा ई चालान,फिटनेस,ड्राइविंग लाइसेंस आदि बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने एआरटीओ को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान इंगित किए गए बिंदुओं पर तीन से चार दिवस के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत की जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक सरकारी कार्यालय में सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता एवं जन विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं भ्रष्टाचारमुक्त सेवाएं सहजता से उपलब्ध हो सकें, निरीक्षण के दौरान उप संभागीय परिवहन अधिकारी शिवम यादव,आर आई चरन सिंह एवं अन्य कार्यालय स्टाफ आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)