छुट्टी पर घर आए सैनिक की संदिग्ध हालात में मौत, प्लॉट पर अचेत मिले
छुट्टी पर घर आए सैनिक की संदिग्ध हालात में मौत, प्लॉट पर अचेत मिले
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कम्पिल थाना क्षेत्र के शिवराम मुकुट गांव में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जवान गांव के बाहर स्थित अपने प्लॉट पर अचेत अवस्था में मिले थे। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय कुलदीप वर्मा के रूप में हुई है।
वह भारतीय सेना में तैनात थे और 20 जुलाई को छुट्टी लेकर घर आए थे। वर्ष 2012 में उनका विवाह हुआ था और वह अपनी ससुराल शिवराम मुकुट गांव में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम कुलदीप अपने प्लॉट पर गए थे। देर तक वापस न लौटने पर उनकी तलाश की गई, जहां वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि कुलदीप शराब का सेवन करते थे, लेकिन उनकी मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी। सिवारा चौकी प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)