Farrukhabad News : जमीन बेचने से इंकार करने पर बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट
जमीन बेचने से इंकार करने पर बेटे ने पिता को उतारा मौत के घाट
फर्रुखाबाद/मोहम्मदाबाद। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना में मोहम्मदाबाद क्षेत्र के लोहिया नगर वार्ड में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बना रहा था। पिता के इंकार करने पर उसने आधी रात सोते समय उन पर हमला कर दिया और ईंट व कुर्सी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार लोहिया नगर वार्ड निवासी 68 वर्षीय रामदास अपने घर के बाहर बैठक में चारपाई पर सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे। रात करीब 12 बजे उनके छोटे बेटे श्यामकुमार ने पहले चारपाई पलट दी, फिर पिता को नीचे पटक दिया।
इसके बाद कुर्सी और ईंट से कई वार कर दिए, जिससे रामदास की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजनों के मुताबिक श्यामकुमार ने ही किश्तों पर एक बाइक खरीदी थी। किश्त जमा करने के लिए वह पहले अपनी बेटी से गहने गिरवी रखने को कह रहा था, लेकिन बेटी ने मना कर दिया। इसके बाद उसने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। जब रामदास ने जमीन बेचने से साफ इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने अपने बच्चों के साथ भी मारपीट की, जिससे डरकर बच्चे पड़ोसी के घर जाकर सो गए। सोमवार सुबह करीब छह बजे एक पड़ोसी जब पशुओं को चारा डालने निकला तो उसने घर का मुख्य गेट खुला देखा। बाहर चारपाई उल्टी पड़ी थी और उस पर रामदास का खून से लथपथ शव पड़ा था। पास में कुर्सी और ईंट भी पड़ी थी। इसके बाद उसने परिवार को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के परिवार में दो बेटे थे। बड़े बेटे ललित का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी पत्नी गुड्डी देवी इन दिनों परिवार के काम से फर्रुखाबाद गई हुई थीं।
छोटा बेटा श्यामकुमार अपने परिवार के साथ घर के दूसरे हिस्से में रहता था और खेती करता था। कुछ दिन पहले ही उसने अपनी बड़ी बेटी का विवाह किया था। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी तथा अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद सामने आया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)