फर्रुखाबाद वृक्षारोपण महाकुंभ: एक दिन में 40.93 लाख पौधे रोपे
फर्रुखाबाद वृक्षारोपण महाकुंभ: एक दिन में 40.93 लाख पौधे रोपे
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महाकुंभ-2026" के अंतर्गत रविवार को फर्रुखाबाद जिले में पर्यावरण संरक्षण का ऐतिहासिक अभियान चलाया गया। जिले के विभिन्न स्थानों पर एक ही दिन में 40 लाख 93 हजार पौधों का रोपण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। मुख्य कार्यक्रम विकासखंड मोहम्मदाबाद के ग्राम दरौंदी एवं पट्टीपुर में आयोजित हुआ, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने की।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से प्रकृति पूजन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने पीपल, पाकड़ और बरगद के पौधों का हरिशंकरी त्रिकोण के रूप में रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। दरौंदी ग्राम में ही लगभग 8 हजार पौधे लगाए गए, जिन्हें भविष्य में एक सघन वन के रूप में विकसित करने की योजना है। मुख्य अतिथि असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान ने जनभागीदारी को नई दिशा दी है और अब यह एक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और पालन-पोषण भी उतना ही जरूरी है। सरकार प्रत्येक रोपे गए पौधे की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड की व्यवस्था भी कर रही है। मंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में यह मार्ग "ग्रीन एक्सप्रेस-वे" के रूप में पहचाना जाए। उन्होंने विकास परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण ही नहीं बचाते, बल्कि गर्मी में छाया, वर्षा में जल संरक्षण और सर्दी में संतुलित वातावरण प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से पौधे लगाकर उनकी अभिभावक की तरह देखभाल करने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव ने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी है। वहीं विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि भोजपुर विधानसभा में इस अभियान की शुरुआत होना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और हर नागरिक को इसमें सहभागी बनना चाहिए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि इस अभियान में बच्चों की सक्रिय भागीदारी भविष्य के प्रति सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के बाद समय-समय पर उनकी देखभाल करें और उनकी प्रगति के साथ फोटो लेकर पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम को जनआंदोलन बनाएं। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2026 में जिले के 23 विभागों के माध्यम से 3,743 स्थलों पर 45 लाख 74 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर 4 लाख 81 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि रविवार को 40 लाख 93 हजार पौधों का रोपण कर लक्ष्य लगभग पूरा कर लिया गया। वृक्षारोपण अभियान में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरुण कुमार सिंह, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, एनसीसी कैडेट, स्कूली छात्र-छात्राएं, गंगा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)