मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह और वृहद वृक्षारोपण की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह और वृहद वृक्षारोपण की तैयारियां तेज, डीएम ने लिया जायजा
मैनपुरी (अजय किशोर) जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आगामी 11 जुलाई को श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम और 12 जुलाई को होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम स्थल का सघन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शासन की इन महत्वपूर्ण योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर इन आयोजनों को गरिमामय और सफल बनाएं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वर-वधू पक्ष को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम स्थल पर कम से कम 50 वेदियां बनाई जाएं, जहां प्रत्येक वेदी पर 4-4 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराने के लिए एक-एक ब्राह्मण की व्यवस्था हो।
वहीं, मुस्लिम समुदाय के जोड़ों के निकाह के लिए न्यूनतम दो मौलवी तैनात किए जाएं। बारिश की संभावना को देखते हुए पूरे परिसर में वॉटरप्रूफ टेंट और जल निकासी के बेहतर प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य अतिथियों, नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के लिए अलग-अलग पंडालों में भोजन की व्यवस्था की जाएगी, जिसकी गुणवत्ता की जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर, डस्टबिन, सुरक्षा बल, पार्किंग और मेडिकल टीम की तैनाती के लिए भी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके बाद जिलाधिकारी ने वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत लगभग 11 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित 21 हजार पौधों के रोपण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई और अन्य व्यवस्थाएं 11 जुलाई तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। इस अभियान में विद्यालयों के करीब 5 हजार छात्र-छात्राएं, नव-नियुक्त आरक्षी, जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे। भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और पार्किंग के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इस निर्धारित क्षेत्र में फलदार और छायादार पौधे लगाकर इसे जनपद का एक आदर्श वृक्षारोपण केंद्र विकसित किया जाएगा, जो पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का बड़ा केंद्र बनेगा। इस निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी शिवम मिश्रा, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)