बढ़ती महंगाई के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का धरना-प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बढ़ती महंगाई के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का धरना-प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद/ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश, फर्रुखाबाद के बैनर तले सोमवार को जिले के व्यापारियों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा बिजली की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता ने किया। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने लगातार बढ़ रही महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आवश्यक वस्तुओं और ऊर्जा संसाधनों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और बिजली की बढ़ी हुई दरों के कारण परिवहन, उत्पादन और व्यापार की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे बाजार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा आम लोगों और व्यापारियों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन फर्रुखाबाद की सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई किए जाने, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस एवं बिजली की दरों में राहत प्रदान करने तथा आम जनता और व्यापारिक वर्ग के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। इस अवसर पर प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कौशल, जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित सेठ, मीडिया प्रभारी अभिषेक गुप्ता, वरिष्ठ जिला महामंत्री अभय कठेरिया, जिला महामंत्री शिव कुमार शाक्य, जिला ऑडिटर अनिल गंगवार, जिला उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता, कमालगंज के व्यापारी नेता सुशील गुप्ता, जिला प्रचार मंत्री अनुराग राठौर, जिला कमेटी सदस्य संजीव गुप्ता, राजकिशोर सक्सेना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन के पदाधिकारियों द्वारा सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)