बकरी चराने के विवाद ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों मे चले लाठी-डंडे; 9 घायल
बकरी चराने के विवाद ने लिया खूनी रूप, दो पक्षों मे चले लाठी-डंडे; 9 घायल
फर्रुखाबाद। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कढ़िउली गांव में बकरी चराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब खेत में बकरी चराने को लेकर कहासुनी हुई। आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पहले पक्ष की घायल मधु ने बताया कि संतोष और बबिता खेत में बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
संतोष के शोर मचाने पर जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया। इस पक्ष से शिव रतन, राम प्रसाद, मधु, संतोष और देवकी घायल हुए हैं। परिजनों ने बताया कि घायल राम प्रसाद की छह दिन बाद बारात जानी है, लेकिन घटना में लगी चोटों के कारण परिवार की खुशियां भी चिंता में बदल गई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के अरुण का कहना है कि पूरन की बकरी उनके खेत में चली गई थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस पक्ष से अरुण, टिंकू, मालती और विनीता घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले में जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में हुई इस हिंसक घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद यदि समय रहते शांत करा दिया जाता तो नौ लोगों को अस्पताल नहीं पहुंचना पड़ता। अब सभी की निगाहें पुलिस की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर होने वाली सख्त कार्रवाई पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)