हाईवे पर दिनदहाड़े झपटमारी: चलती बाइक पर महिला के कान से कुंडल नोचकर फरार हुए बदमाश
हाईवे पर दिनदहाड़े झपटमारी: चलती बाइक पर महिला के कान से कुंडल नोचकर फरार हुए बदमाश
फर्रुखाबाद/ जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर शाम दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को अपना निशाना बनाते हुए उसके कान से सोने के कुंडल झपट लिए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित परिवार कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बदमाश तेज रफ्तार बाइक से मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, भुड़नपुर की मढ़ैया निवासी ब्रजराम राजपूत अपनी पत्नी सोनम और तीन वर्षीय पुत्री मोनिका के साथ हरदोई जनपद के खनुआ शंकरपुर (थाना पाली क्षेत्र) स्थित ससुराल से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। शनिवार शाम लगभग 4:40 बजे जब उनका परिवार राजेपुर थाना क्षेत्र के जैनापुर गांव के पास इटावा-बरेली हाईवे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक के बराबर आकर सोनम के कान पर झपट्टा मारा और सोने के कुंडल नोचकर फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई, जबकि ब्रजराम ने बिना देर किए बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
उन्होंने उजरामऊ तक उनका पीछा किया, लेकिन बदमाश तेज रफ्तार का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो गए। इसके बाद ब्रजराम ने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हाईवे पर हुई इस झपटमारी की घटना से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से राहगीरों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)